कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को नागपुर में प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी ने शाम 4 बजे संविधान चौक पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। इस प्रदर्शन को लेकर पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने युवाओं और छात्रों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। इससे पहले जयपुर में हुए एक प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके पर कुछ युवकों द्वारा हमला किया गया था। घटना का जिक्र करते हुए दीपके ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। उनके अनुसार, जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है, तो इस तरह की घटनाएं देखने को मिलती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है। सीजेपी पिछले महीने सामने आए नीट (यूजी) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। नागपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। पुलिस को उम्मीद है कि प्रदर्शन में करीब दो हजार से अधिक युवा शामिल हो सकते हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस आयुक्त रविंद्रकुमार सिंघल ने कहा कि सभी नागरिकों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि, कानून-व्यवस्था भंग करने या अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।