राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रेरणादायक जीवन और उनके संघर्षपूर्ण सफर को बड़े पर्दे पर डॉक्यूमेंट्री के रूप में पेश किया जाएगा। इस खास प्रोजेक्ट को आमिर खान प्रोडक्शंस का सहयोग मिल रहा है, जबकि इसकी कमान जानी-मानी फिल्ममेकर और लेखिका स्वाति चक्रवर्ती भटकल संभाल रही हैं। स्वाति इससे पहले सामाजिक और मानवीय विषयों पर आधारित कई चर्चित प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी हैं।
डॉक्यूमेंट्री में राष्ट्रपति मुर्मू के उस सफर को दिखाया जाएगा, जिसमें उन्होंने ओडिशा के एक साधारण गांव से निकलकर देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने तक का ऐतिहासिक सफर तय किया। साथ ही, उनके व्यक्तिगत संघर्ष, पारिवारिक चुनौतियां और वर्षों तक जनसेवा में निभाई गई भूमिका को भी विस्तार से दर्शाया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग राष्ट्रपति मुर्मू के पैतृक गांव में की गई है। कहानी को अधिक वास्तविक बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों को भी शामिल किया गया है। इसमें आर्काइवल फुटेज, वास्तविक लोकेशंस और नाटकीय दृश्यों के जरिए उनके जीवन के अहम पड़ावों को दर्शाने की कोशिश की जाएगी।
आमिर खान प्रोडक्शंस पहले भी समाज और मानवीय मूल्यों से जुड़ी कहानियों को सामने लाता रहा है। स्वाति चक्रवर्ती भटकल ने इससे पहले चर्चित डॉक्यूमेंट्री एंथोलॉजी ‘रूबरू रोशनी’ का निर्देशन किया था, जिसे दर्शकों और आलोचकों से काफी सराहना मिली थी।
यह डॉक्यूमेंट्री केवल राष्ट्रपति मुर्मू की निजी यात्रा को ही नहीं, बल्कि उनके चुनाव के सामाजिक महत्व को भी सामने लाएगी। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और दृढ़ संकल्प की ऐसी मिसाल है, जो देशभर के लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
Entertainment
आमिर खान प्रोडक्शंस बनाएगा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर डॉक्यूमेंट्री...
Source: Janmanch News