कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के समर्थक आमने-सामने आ गए। यह घटना टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता पहुंचने से ठीक पहले हुई। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। कुछ समय के लिए एयरपोर्ट परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीएमसी समर्थकों का आरोप था कि बीजेपी कार्यकर्ता अभिषेक बनर्जी के विरोध के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे और उनके ऊपर अंडे फेंकने की योजना बना रहे थे। इसी आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों को अलग कर हालात पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। इस बीच, अभिषेक बनर्जी सुरक्षित रूप से कोलकाता पहुंच गए। सुरक्षा कारणों को देखते हुए उन्हें उस गेट से बाहर नहीं निकाला गया, जहां विवाद हो रहा था। किसी भी संभावित टकराव से बचने के लिए उन्हें दूसरे एग्जिट गेट से बाहर ले जाया गया। गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी हाल ही में दिल्ली दौरे पर थे, जहां उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कुछ सांसदों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है। साथ ही उन्होंने पार्टी छोड़ने या राजनीतिक फायदे के लिए पाला बदलने वाले नेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के लिए बंगाल की राजनीति में कोई जगह नहीं है।