पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से टीएमसी नेता जहांगीर खान की पत्नी जरीना बीबी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने अपने पति जहांगीर खान को फाल्टा पुलिस थाने से छुड़ाने के लिए समर्थकों के साथ मिलकर एक बड़ी साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, जरीना बीबी ने सैकड़ों समर्थकों को इकट्ठा कर फाल्टा थाने पर हमला करवाया और पथराव कर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की थी।
यह पूरा मामला 16 जून 2026 का है। कई मामलों में आरोपी टीएमसी नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे सार्वजनिक रूप से घुमाया था, जिससे उसके समर्थकों और परिवार में नाराजगी बढ़ गई थी। इसके बाद जरीना बीबी ने अपने समर्थकों के साथ बैठक कर पति को लॉकअप से छुड़ाने की योजना बनाई। बड़ी संख्या में लोग फाल्टा थाने पहुंच गए, लेकिन पुलिस को पहले ही खुफिया जानकारी मिल चुकी थी।
संभावित हमले को देखते हुए थाने पर राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। जब उपद्रवियों ने थाने की ओर बढ़ने और पथराव की कोशिश की, तो सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में कर लिया और उनकी योजना को विफल कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने हथियार और विस्फोटक अधिनियम समेत कई धाराओं में नया मामला दर्ज किया था। एफआईआर के बाद से जरीना बीबी फरार चल रही थी। अब पुलिस ने उसे दक्षिण 24 परगना से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में 15 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
India
फाल्टा थाने से पति को भगाने की साजिश, जरीना बीबी आखिरकार गिरफ्तार...
Source: Janmanch News