Rahul Gandhi Angry at NTA: नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले एक छात्र को परीक्षा केंद्र आवंटन में हुई बड़ी गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर तीखा हमला बोला है। मामला महाराष्ट्र के नागपुर का है, जहां एक छात्र को 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम के लिए अपने शहर की बजाय अबू धाबी का परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि छात्र पिछले एक महीने से परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसे पता चला कि उसका सेंटर विदेश में है। छात्र के पास न पासपोर्ट था और न ही परिवार के पास इतनी आर्थिक क्षमता कि वह इतनी कम समय में विदेश जाकर परीक्षा दे सके। इस वजह से छात्र और उसका परिवार गहरे तनाव में आ गए।
राहुल गांधी ने कहा कि जिस व्यवस्था में एक छात्र को उसके ही शहर में परीक्षा केंद्र नहीं मिल पाता और उसे विदेश का सेंटर दे दिया जाता है, ऐसी एजेंसी को परीक्षा आयोजित करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि NTA छात्रों और अभिभावकों के धैर्य की परीक्षा ले रही है और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
हालांकि, मामले के सामने आने के बाद NTA ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तकनीकी त्रुटि की पुष्टि हुई है और अगले कुछ घंटों में छात्र को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया जाएगा। साथ ही एजेंसी ने बताया कि NEET UG 2026 री-एग्जाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उम्मीदवारों को उसके आधिकारिक WhatsApp चैनल के माध्यम से भी भेजी जा रही है।
India
नागपुर के छात्र को अबू धाबी में परीक्षा केंद्र, राहुल गांधी बोले- NTA सिर्फ धैर्य की परीक्षा ले रही है...
Source: Janmanch News