पश्चिम बंगाल सरकार ने वित्त वर्ष 2026 का बजट पेश करते हुए महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों, युवाओं और आम लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता द्वारा पेश किए गए इस बजट में महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। महिलाओं के लिए सरकार ने बड़ी राहत देते हुए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। इसके लिए विशेष ‘पिंक कार्ड’ जारी किए जाएंगे। इसके अलावा अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अब कर्मचारियों को 38 प्रतिशत DA मिलेगा, जो पहले 18 प्रतिशत था। साथ ही विधायकों की विकास निधि को 70 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया गया है। रोजगार के क्षेत्र में सरकार ने 1 लाख नई भर्तियों का ऐलान किया है, जिनमें 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। इसके अलावा 50 हजार शिक्षकों और 20 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव भी रखा गया है। बजट में प्रशासन को डिजिटल और पेपरलेस बनाने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देने की योजना भी शामिल है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्तर बंगाल में IIT और IIM, एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, आधुनिक कैंसर अस्पताल और मेडिकल हब स्थापित करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा पूर्वी मेदिनीपुर में डीप-सी पोर्ट, कल्याणी के पास ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, मां कैंटीन योजना के विस्तार और डिलिवरी वर्कर्स के लिए वेलफेयर कमेटी के गठन जैसी कई अहम घोषणाएं भी बजट का हिस्सा रहीं।