FIFA वर्ल्ड कप 2026 का बहुप्रतीक्षित आगाज गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान मेक्सिको का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में घरेलू टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पहले दिन ग्रुप-ए के दो मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें दूसरा मैच दक्षिण कोरिया और चेक रिपब्लिक के बीच होगा।
मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक चार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मेक्सिको ने दो जीत दर्ज की हैं, जबकि एक मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीता और एक मुकाबला ड्रॉ रहा। फीफा रैंकिंग में भी मेक्सिको 15वें स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 60वें नंबर पर मौजूद है। ऐसे में मेजबान टीम को बढ़त हासिल मानी जा रही है। मेक्सिको की उम्मीदें कप्तान एडसन अल्वारेज और अनुभवी स्ट्राइकर राउल हिमेनेज पर टिकी होंगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका कप्तान रोनवेन विलियम्स और स्ट्राइकर लाइल फोस्टर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।
पहले दिन का दूसरा मुकाबला दक्षिण कोरिया और चेक रिपब्लिक के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार आमने-सामने होंगी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों के बीच चार मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें दोनों ने एक-एक जीत हासिल की है और दो मैच ड्रॉ रहे हैं। दक्षिण कोरिया की निगाहें स्टार फॉरवर्ड ह्युंग-मिन सोन पर रहेंगी, जबकि चेक रिपब्लिक की उम्मीदें तोमस सूचेक और पैट्रिक शिक पर टिकी होंगी।
FIFA वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। पहली बार 48 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी और अमेरिका, कनाडा तथा मेक्सिको के 16 शहर इसकी मेजबानी करेंगे। नए प्रारूप के तहत 12 ग्रुप बनाए गए हैं और नॉकआउट चरण में पहली बार “राउंड ऑफ 32” शामिल किया गया है। कुल 104 मैचों वाला यह मेगा टूर्नामेंट 39 दिनों तक चलेगा, जिसका फाइनल 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत में टूर्नामेंट का प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जी5 ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
Sports
FIFA World Cup 2026: जीत के साथ अभियान शुरू करना चाहेगा मेक्सिको, ओपनिंग मैच में दक्षिण अफ्रीका से टक्कर, दक्षिण कोरिया-चेक रिपब्लिक भी आमने-सामने...
Source: Janmanch News